कालीनगर चाय बागान मैदान में राजकुमार सारदा फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

उद्घाटन मुकाबले में कालीनगर चाय बागान ‘ए’ टीम की जीत

रामकृष्णनगर, 17 जून। कालीनगर एथलेटिक क्लब के तत्वावधान में बुधवार को कालीनगर चाय बागान मैदान में राजकुमार सारदा आठ टीमों की फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच में कालीनगर चाय बागान ‘ए’ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सैजानगर ‘बी’ टीम को 2-1 से पराजित कर विजयी शुरुआत की।

विजेता टीम की ओर से गोपी गढ़ ने 43वें मिनट में तथा शुभम री ने 67वें मिनट में गोल दागे। वहीं सैजानगर ‘बी’ की ओर से 63वें मिनट में अहाद ने एकमात्र गोल किया।

प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें दो समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में कालीनगर चाय बागान, कालीनगर कॉलोनी ‘बी’, श्रीबाणी और सैजानगर ‘बी’ शामिल हैं। जबकि ग्रुप-बी में फाड़ी बागान, कालीनगर कॉलोनी ‘ए’, कालीनगर चाय बागान ‘बी’ तथा सैजानगर ‘ए’ टीम को रखा गया है।

उद्घाटन मैच से पूर्व खिलाड़ियों का परिचय कालीनगर जीपी अध्यक्ष सत्यजीत देव, कालीनगर एथलेटिक क्लब के अध्यक्ष संजीव कालोयार, सचिव पिनाकी भट्टाचार्य, जगदीश देव, वार्ड प्रतिनिधि रिटन दास, राधिका भूषण दास, आफताब उद्दीन, बागान पंचायत अध्यक्ष रंजीत नूनिया, पूर्व अध्यक्ष पंचम गौरी दास, पूर्व खिलाड़ी प्राणेश डे, भुवन चक्रवर्ती तथा क्लब के अन्य पदाधिकारियों ने प्राप्त किया।

मैच में रेफरी की जिम्मेदारी संजीव कालोयार, उत्तम देव और अंजन दास ने निभाई।

प्रतियोगिता के अगले मुकाबले में गुरुवार को फाड़ी बागान की टीम का सामना कालीनगर कॉलोनी ‘ए’ टीम से होगा।

— गौतम सरकार, रामकृष्णनगर

Leave a Comment