उधारबंद, 17 जून (निहार कांति राय): उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दयापुर ग्राम पंचायत के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला ने किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सभानेत्री रूमन ग्वाला, आंचलिक पंचायत सदस्य सुनंदा कुर्मी, जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह, उधारबंद ग्राम पंचायत सभानेत्री काकली कर, बागान प्रबंधक रविंद्र सिंह शेखावत, ग्राम पंचायत सचिव मौमिता चक्रवर्ती, मंडल महासचिव प्रद्युत चक्रवर्ती सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजदीप ग्वाला ने कहा कि दयापुर ग्राम पंचायत क्षेत्र के लोगों का लंबे समय से संजोया गया सपना आज साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से पंचायत कार्यालय के कार्यों में सुविधा होगी तथा प्रशासनिक सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जा सकेंगी।
विधायक ने पंचायत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने का आग्रह करते हुए कहा कि आम जनता को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में आंचलिक पंचायत सदस्य सुनंदा कुर्मी, मुन्ना गोसाई तथा बागान प्रबंधक रविंद्र सिंह शेखावत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने विधायक राजदीप गोयाला के नेतृत्व में उधारबंद क्षेत्र के विकास कार्यों में और अधिक गति आने की आशा व्यक्त की।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा विधायक राजदीप ग्वाला को महापुरुषों एवं देवी-देवताओं के चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पंचायत कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा पंचायत के सदस्य एवं सदस्या उपस्थित रहे।
अंत में उधारबंद ब्लॉक आंचलिक पंचायत अध्यक्ष सुमन केवट ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।