अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस पर लायंस क्लब ऑफ शिलचर वैली व्यू ने बच्चों संग मनाया खुशियों का उत्सव
शिलचर। 11 जून: प्रत्येक वर्ष 11 जून को संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में “अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस”के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ शिलचर वैली व्यू द्वारा इटखोला हिंदी पाठशाला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्लब की अध्यक्षा बंदिता त्रिवेदी राय के नेतृत्व में क्लब का एक प्रतिनिधिमंडल प्रातःकाल विद्यालय पहुंचा। इस अवसर पर परियोजना अध्यक्ष देबाश्री चौधुरी, मिनारा लस्कर तथा पुष्पाबती राय भी उपस्थित थीं।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों ने विद्यार्थियों के साथ क्रिकेट, फुटबॉल, लूडो सहित विभिन्न मनोरंजक खेल खेले और उनके साथ आनंदमय समय बिताया। बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिए क्लब की ओर से खाद्य सामग्री, फलों का जूस, केक तथा विभिन्न प्रकार के खिलौने, क्रिकेट बैट-बॉल और फुटबॉल आदि वितरित किए गए।
क्लब की कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बीच खेल के महत्व को रेखांकित करना तथा यह संदेश देना है कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और रचनात्मकता का विकास करते हैं।यह दिवस बच्चों के खेलने, सीखने और समग्र विकास के अधिकार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समर्पित है। विद्यालय प्रबंधन ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग दिया तथा लायंस क्लब के इस प्रयास की सराहना की। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।