प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर युवती के अपहरण का आरोप, दो युवक गिरफ्तार

प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर युवती के अपहरण का आरोप, दो युवक गिरफ्तार

प्रे.स. सोनाई, 4 जून: कछार जिले के सोनाई क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती के कथित अपहरण की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सोनाई पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर युवती को सुरक्षित बरामद कर मुख्य आरोपी समेत दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, नरसिंहपुर क्षेत्र में किराए के मकान में परिवार के साथ रहने वाली युवती स्थानीय एक विद्यालय की छात्रा है। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह स्कूल में प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए घर से निकली थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर युवती की मां ने सोनाई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि मणिपुर द्वितीय खंड निवासी निजाम उद्दीन शेख (20) लंबे समय से युवती को प्रेम प्रस्ताव देकर परेशान कर रहा था। युवती द्वारा प्रस्ताव अस्वीकार किए जाने के बाद उसने मंगलवार को कथित रूप से जबरन युवती को मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनाई पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान धोलाई थाना क्षेत्र के शुक्तला इलाके से युवती को बरामद कर लिया गया। वहीं मुख्य आरोपी निजाम उद्दीन शेख को गिरफ्तार किया गया। मौके पर मौजूद जयनुल अहमद शेख नामक एक अन्य युवक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।

बरामदगी के बाद मंगलवार रात युवती को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत उजाला होम भेज दिया गया। वहीं गिरफ्तार दोनों युवकों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment