यूसीसी समाज सुधार और महिला सशक्तिकरण का कानून, भ्रम दूर करने को भाजपा का जनसंपर्क अभियान: विधायक मिलन दास
शिलचर, 4 जून। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर आम लोगों के बीच फैली भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय, शिलचर में एक पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में हाइलाकांडी के विधायक मिलन दास, जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, जिला महासचिव अमिताभ राय एवं गोपाल राय तथा पार्टी प्रवक्ता जयंत चक्रवर्ती उपस्थित रहे।
पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक मिलन दास ने यूसीसी के विभिन्न प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शपथ ग्रहण के बाद सरकार के प्रथम विधानसभा सत्र में ही इस विधेयक को पारित किया गया। उन्होंने कहा कि कानून को लेकर कुछ वर्गों द्वारा गलत जानकारी और दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है, जबकि इसका वास्तविक उद्देश्य समाज में समानता, न्याय और महिला अधिकारों को मजबूत करना है। इसी कारण जनता तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए यह जनसंपर्क अभियान शुरू किया गया है।
मिलन दास ने बताया कि यूसीसी के प्रथम खंड में बहुविवाह, तलाक प्रथा तथा ‘लव जिहाद’ से संबंधित प्रावधान और दंड का उल्लेख है। दूसरे खंड में संपत्ति के अधिकार, तीसरे खंड में लिव-इन संबंधों को कानूनी मान्यता तथा चौथे खंड में भविष्य में कानून की कमियों एवं त्रुटियों को दूर करने के लिए संशोधन संबंधी व्यवस्था शामिल की गई है।
उन्होंने कहा कि यूसीसी एक समाज सुधारक और जनकल्याणकारी कानून है, जो महिला एवं पुरुष को समान अधिकार प्रदान करने के साथ सामाजिक न्याय की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनके अनुसार यह कानून विभिन्न व्यक्तिगत कानूनों में मौजूद असमानताओं को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने यूसीसी लागू करने का जो वादा किया था, सरकार ने उसे पूरा कर दिखाया है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और उनके सामाजिक सशक्तिकरण के लिए इस कानून का स्वागत किया।
रूपम साहा ने आगामी विश्व पर्यावरण दिवस तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा पूरे महीने आयोजित किए जाने वाले विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।