विश्व हिन्दू परिषद त्रिपुरा प्रांत द्वारा पुरोहितों का एकदिवसीय सम्मेलन आयोजित

अगरतला, 31 मई: विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) त्रिपुरा प्रांत के मंदिर अर्चक-पुरोहित आयाम के तत्वावधान में रविवार को आनंदमयी आश्रम में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 65 प्रमुख पुरोहितों का एकदिवसीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य मंदिर व्यवस्था, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण तथा समाज में पुरोहितों की भूमिका को और सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री डॉ. दिनेश तिवारी ने उपस्थित पुरोहितों को संबोधित करते हुए सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं समाज जागरण में पुरोहित वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना के भी प्रमुख केंद्र हैं।
सम्मेलन में विहिप त्रिपुरा प्रांत के सभापति सचिन कलई, प्रांत संपादक शंकर राय, प्रांत संगठन मंत्री शशिकांत पांडेय, मंदिर अर्चक-पुरोहित आयाम की प्रमुख शिवली चक्रवर्ती तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता जगदीश गण चौधरी सहित प्रांत एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान धार्मिक परंपराओं के संवर्धन, युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने, मंदिरों की गतिविधियों को समाजोन्मुख बनाने तथा पुरोहितों के प्रशिक्षण एवं संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में उपस्थित पुरोहितों ने समाज में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार के लिए संगठित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।