दिल्ली में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से मिले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, ‘विकसित असम’ के रोडमैप पर हुई चर्चा
प्रेरणा प्रतिवेदन नई दिल्ली, 31 मई। असम के मुख्यमंत्री ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने ‘विकसित असम’ के लक्ष्य को गति देने और राज्य के समग्र विकास के लिए भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि सर्बानंद सोनोवाल के साथ हर मुलाकात असम के भविष्य को लेकर गंभीर चर्चा और विकास की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर होती है। उन्होंने लिखा कि दिल्ली में हुई इस बैठक में पिछले एक दशक के दौरान असम में हुए विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा राज्य की विकास यात्रा को और तेज़ करने के उपायों पर चर्चा हुई।
बैठक में आर्थिक विकास, आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के विस्तार, निवेश, रोजगार सृजन तथा राज्य के समग्र प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार किया गया। दोनों नेताओं ने असम को एक विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के उद्देश्य से चल रही प्रमुख योजनाओं और आगामी पहलों पर भी अपने विचार साझा किए।
यह बैठक राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच विकास संबंधी प्राथमिकताओं को लेकर बेहतर समन्वय का प्रतीक मानी जा रही है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने असम की विकास गति को और मजबूत करने तथा ‘विकसित असम’ के विजन को साकार करने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के बीच हुई यह मुलाकात असम के दीर्घकालिक विकास एजेंडे को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।