कोलकाता में बराक भाषा शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 30 मई। बराक घाटी के भाषा शहीदों की स्मृति को नमन करते हुए श्रीहट्ट भवन, कालिंदी (कोलकाता) में श्रीहट्ट सम्मिलनी द्वारा एक भावपूर्ण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाषा शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुआ।
इसके पश्चात सम्मिलनी के पदाधिकारियों, सह-सभापति तथा अन्य सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बराक भाषा आंदोलन के विभिन्न ऐतिहासिक एवं सामाजिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने भाषा शहीद स्टेशन के नामकरण तथा इससे संबंधित गजट अधिसूचना के विषय को भी प्रमुखता से उठाया और भाषा आंदोलन की विरासत को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। इसमें अतुलप्रसाद के गीत, नजरुल गीति, रवीन्द्र संगीत, सिलहट की पारंपरिक लोकधुनें तथा धामाइल नृत्य प्रस्तुत किए गए। दक्षिण कोलकाता सिलेटी संस्था के प्रतिभाशाली कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
संगीत, संस्कृति और स्मृतियों से सजे इस आयोजन में एक भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण का सृजन हुआ। कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी श्रीहट्ट सम्मिलनी की कार्यकारिणी समिति के सदस्य शौभिक दास चौधुरी, पार्थ चक्रवर्ती तथा अन्य सहयोगियों ने निभाई।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।