जोगाई मथुरा विद्यालय में धूमधाम से मनाई गई रवीन्द्रनाथ ठाकुर की 166वीं जयंती।
चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर ,10 मई : लखीपुर क्षेत्र के विन्नाकांदी घाट स्थित जोगाई मथुरा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को विश्वकवि रवीन्द्रनाथ ठाकुर की 166वीं जयंती 25 बैशाख, 1433 बंगाब्द के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य शिल्पजीत पाल द्वारा कविगुरु की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद मुख्य अतिथि दुर्गा कांत पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने भी गुरुदेव के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पूरे कार्यक्रम में एक आनंदमय वातावरण देखने को मिला। रवीन्द्र संगीत, नृत्य, कविता-पाठ और वक्तव्यों से सजे इस मनमोहक आयोजन का उद्घाटन छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘आनंद लोके मंगल लोके’ रवीन्द्र संगीत प्रस्तुत कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने कई आकर्षक रवीन्द्र संगीत, नृत्य, कविताएं एवं प्रेरणादायक वक्तव्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिक्षकों में दुर्गा कांत पांडे, हीरालाल रजक, सेनाबी सिंह, कृष्णावती सिंह, रामनाथ गोयाला एवं शिल्पजीत पाल ने प्रासंगिक वक्तव्य रखे। वहीं, सौरभ दास और शिवसौम्य चक्रवर्ती ने रवीन्द्र संगीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी भावपूर्ण बना दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शिल्पजीत पाल ने कविगुरु की प्रसिद्ध कविता ‘निर्झरर स्वप्नभंग’ का प्रभावशाली पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं की छात्रा पल्लवी दास ने किया। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का समापन हुआ।