राजदीप ग्वाला की पहल पर इटखोला क्षेत्र के तीन जल निकासी पंपों की होगी सर्विसिंग

राजदीप ग्वाला की पहल पर इटखोला क्षेत्र के तीन जल निकासी पंपों की होगी सर्विसिंग

शिलचर, 11 मई :
उधारबंद विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक राजदीप ग्वाला ने मॉनसून के दौरान बड़े मालुग्राम-इटखोला क्षेत्र में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की है। विधायक पद की शपथ ग्रहण से पहले ही उन्होंने जल संसाधन विभाग की तकनीकी टीम को इटखोला क्षेत्र के तीन जल निकासी पंपों की तत्काल सर्विसिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही पंपों की कार्यक्षमता का परीक्षण भी कराया गया।

जानकारी के अनुसार, गत शनिवार को राजदीप ग्वाला ने गुवाहाटी स्थित जल संसाधन विभाग (मैकेनिकल विंग) के अधिकारियों से सीधे संपर्क कर इटखोला क्षेत्र में स्थापित पंप सेटों की मरम्मत एवं सर्विसिंग सुनिश्चित करने को कहा। क्षेत्र में हर वर्ष बरसात के समय उत्पन्न होने वाली जलभराव की समस्या को देखते हुए उन्होंने यह कदम उठाया है।

विधायक के निर्देश पर जल संसाधन विभाग (मैकेनिकल) के कार्यकारी अभियंता मृदुल चंद्र शर्मा, विभागीय वरिष्ठ सहायक लालन प्रसाद ग्वाला, अब्दुल कुद्दुस लस्कर तथा फारूक अहमद मजूमदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने इटखोला मैदान के निकट स्थापित दो पंपों तथा मणिपुरी बस्ती स्थित बीर टिकेंद्रजीत मिडिल स्कूल के सामने लगे एक अन्य पंप का निरीक्षण किया और उनकी कार्यप्रणाली की जांच की।

निरीक्षण के दौरान भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पूर्व वार्ड आयुक्त बिजेंद्र प्रसाद सिंह, अपूर्व ग्वाला, सुदीप भट्टाचार्य सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे। स्थानीय नागरिकों ने जलभराव की समस्या के समाधान के लिए राजदीप ग्वाला की त्वरित पहल की सराहना करते हुए विभागीय अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment