जिरिघाट में सनसनीखेज हत्या: जमीन विवाद में वृद्ध की गोली मारकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार
कछार जिले के जिरिघाट थाना क्षेत्र के कदमतला इलाके में जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया। इस विवाद में 60 वर्षीय लुकु मिया की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक बाघखाल क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ लोग लुकु मिया के घर पहुंचे और उन्हें बाहर बुलाकर पास के एक स्थान पर ले गए। वहां उन पर पहले गोली चलाई गई और फिर बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों—बाबुल हक चौधरी, सुजान आक्तर लस्कर, साहारुल हक लस्कर और साजुल इस्लाम लस्कर—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या के पीछे मुख्य कारण जमीन विवाद ही है। घटना में इस्तेमाल किए गए कुछ सबूत भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।