बदरपुर में मादक पदार्थ विरोधी अभियान में पुलिस की बड़ी सफलता, दो तस्कर गिरफ्तार
कछार जिले के बदरपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बदरपुर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार देर रात बदरपुर रेलवे स्टेशन के सामने विशेष अभियान चलाकर भारी मात्रा में हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीभूमि थाना क्षेत्र के खामारकाई गांव निवासी अबुल हुसैन चौधरी तथा तालतला क्षेत्र निवासी काजल अहमद के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा तलाशी अभियान के दौरान आरोपियों के पास से कुल 1.31 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों तस्कर शिलचर-रंगिया ट्रेन के माध्यम से हेरोइन को बदरपुर से गुवाहाटी तस्करी के उद्देश्य से ले जा रहे थे। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।