भुवनेश्वरी देवी फाउंडेशन द्वारा छात्रों के बीच शिक्षा सामग्री वितरण
शिलचर: कछार जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भुवनेश्वरी देवी फाउंडेशन की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। गत रविवार, 19 अप्रैल को लक्ष्मीपुर विधानसभा क्षेत्र के लांगलाछड़ा और ब्रेननगर तथा बड़कहोला विधानसभा क्षेत्र के बाउला बस्ती स्थित शिक्षा केंद्रों में छात्रों के बीच शिक्षा सामग्री वितरित की गई। ये शिक्षा केंद्र रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी द्वारा संचालित हैं।
इन केंद्रों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाएं दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, जिससे वंचित वर्ग के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन के पदाधिकारी विश्वराज चक्रवर्ती ने कहा कि रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस पुनीत कार्य में सहयोगी बनना उनके लिए गर्व और संतोष की बात है।
उल्लेखनीय है कि कछार जिले के विभिन्न दूरस्थ इलाकों में संचालित सोसाइटी के 17 शिक्षा केंद्रों से इस वर्ष माध्यमिक परीक्षा में एक छात्र ने प्रथम श्रेणी, 11 छात्रों ने द्वितीय श्रेणी तथा एक छात्र ने तृतीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की है।
कार्यक्रम के अंत में सोसाइटी के सचिव सुप्रदीप दत्ता रॉय ने विभिन्न समय पर सहयोग प्रदान करने के लिए फाउंडेशन के पदाधिकारी विश्वराज चक्रवर्ती का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कुल 200 छात्र-छात्राओं के बीच शिक्षा सामग्री का वितरण किया गया।