प्रतिकूल मौसम के बावजूद शिलचर में प्रधानमंत्री मोदी की सभा में उमड़ा जनसैलाब, 2 लाख से अधिक लोगों की उपस्थिति
शिलचर, (रानू दत्त):
प्रतिकूल मौसम के बावजूद जबरदस्त जनउत्साह के बीच शनिवार को शिलचर में आयोजित जनसभा में दो लाख से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi ने बराक घाटी के समग्र विकास के लिए लगभग 24 हजार करोड़ रुपये की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
बारिश और बादलों से घिरे मौसम के बावजूद दक्षिण असम के लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। हजारों की संख्या में लोग सुबह से ही जनसभा स्थल पर पहुंचने लगे थे और प्रधानमंत्री के आगमन पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सभा के दौरान कई बार लोगों ने “मोदी-मोदी” के नारों से पूरे मैदान को गुंजायमान कर दिया।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर शिलचर शहर में सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई तथा शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया। जनसभा के चलते शहर के कुछ हिस्सों में यातायात जाम की स्थिति भी देखी गई।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी तथा अलग-अलग विभागों के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर-पूर्व क्षेत्र के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, संपर्क व्यवस्था और आर्थिक प्रगति को और तेज गति दी जाएगी, जिससे बराक घाटी सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।