लखीपुर में 1.4 किलो हेरोइन बरामद, कीमत करीब 7 करोड़ रुपये; एक तस्कर गिरफ्तार।

लखीपुर में 1.4 किलो हेरोइन बरामद, कीमत करीब 7 करोड़ रुपये; एक तस्कर गिरफ्तार।
चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर 14 मार्च :—–
 कछाड़ जिले के लखीपुर इलाके में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में एक संदिग्ध तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को लखीपुर के सापरमोयना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 119 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद की। अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध तस्कर को गिरफ्तार किया, जो जिरीघाट का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह हेरोइन पड़ोसी राज्य मणिपुर से लाई गई थी और नदी मार्ग के जरिए कछाड़ क्षेत्र में पहुंचाई जा रही थी। यह पूरा अभियान लखीपुर उपमंडल के पुलिस अधीक्षक पृथ्वीराज राजखोवा के पर्यवेक्षण में चलाया गया। पुलिस का मानना है कि बरामद की गई हेरोइन किसी बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों तथा आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने का प्रयास जारी है। असम पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment