उधारबंद में कांग्रेस के खिलाफ कांग्रेस! अजीत सिंह को टिकट मिलने पर युवा कांग्रेस का विरोध, पुतला दहन

उधारबंद में कांग्रेस के खिलाफ कांग्रेस! अजीत सिंह को टिकट मिलने पर युवा कांग्रेस का विरोध, पुतला दहन

प्रेरणा भारती | निहार कांति राय, उधारबंद

उधारबंद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा एक बार फिर दो बार के पराजित उम्मीदवार अजीत सिंह को टिकट दिए जाने के बाद पार्टी के भीतर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। राजनीतिक हलकों का मानना है कि इस आंतरिक विरोध से अजीत सिंह का एक बार फिर उधारबंद की सत्ता पर काबिज होने का सपना टूट सकता है।

इस विरोध की झलक शुक्रवार को साढ़े चार माइल क्षेत्र में जिला युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में देखने को मिली। जिला युवा कांग्रेस के महासचिव राजबीर दास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अजीत सिंह के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “अजीत सिंह मुर्दाबाद”, “अजीत सिंह हाय-हाय”, “अजीत सिंह गो बैक”, के साथ “सोनिया गांधी जिंदाबाद” और “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारे लगाए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजीत सिंह का पुतला भी दहन किया। इस कार्यक्रम में जिला युवा कांग्रेस के महासचिव जाफर सिद्दीकी और उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष शांताराम व्यक्ति भी मौजूद थे।

इस अवसर पर जाफर सिद्दीकी ने अपने संबोधन में पार्टी हाईकमान के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब युवा कांग्रेस में योग्य उम्मीदवार मौजूद हैं, तो फिर दो बार चुनाव हार चुके उम्मीदवार को दोबारा टिकट क्यों दिया गया। उन्होंने कहा कि उधारबंद विधानसभा क्षेत्र किसी की पैतृक संपत्ति नहीं है।

सिद्दीकी ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि अजीत सिंह को उम्मीदवार बनाया जाता है तो वे लगभग 50 हजार वोटों से हारेंगे। उनके अनुसार, अजीत सिंह को टिकट देने का मतलब भाजपा की जीत को सुनिश्चित करना है, क्योंकि उधारबंद के लोगों के बीच उनकी स्वीकार्यता अब नहीं रही है।

उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मांग की कि समय रहते इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए। अन्यथा युवा कांग्रेस उनके समर्थन में चुनाव मैदान में नहीं उतरेगी।

Leave a Comment