बीड़ी को लेकर बेटे ने की पिता की हत्या, कमलपुर में सनसनी

बीड़ी को लेकर बेटे ने की पिता की हत्या, कमलपुर में सनसनी

कमलपुर/सलमा थाना क्षेत्र: धलाई जिले के कमलपुर महकमा अंतर्गत सलमा थाना क्षेत्र के आभांगा फिशरी पाड़ा में शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। मामूली बीड़ी को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी।

मृतक की पहचान मानेर सिन्हा (83) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बेटे का नाम मंगल सिन्हा (47) बताया गया है। परिवार के अनुसार मंगल सिन्हा मानसिक रूप से बीमार है।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे की है। मृतक की पत्नी बिनोदनी सिन्हा ने बताया कि सुबह मंगल सिन्हा ने अपने पिता के बीड़ी के पैकेट से 4–5 बीड़ियां निकाल ली थीं। जब मानेर सिन्हा ने पैकेट में बीड़ियां कम देखीं तो उन्होंने बेटे से पूछा कि उसने बीड़ी क्यों ली। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

बताया जाता है कि इस दौरान मंगल सिन्हा अचानक उत्तेजित हो गया और खाट के नीचे रखी शाबल (फावड़ा) निकालकर अपने पिता के पेट में वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मानेर सिन्हा की मौत हो गई।

हैरानी की बात यह है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रसोईघर में जाकर सामान्य रूप से चाय पीने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही धलाई जिले के पुलिस अधीक्षक देशाई रुशीकेश जयसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उत्तम बनिक, सलमा थाना के प्रभारी दीपक दास सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment