बलिया में भीषण सड़क हादसा: कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत

गड़वार (बलिया), संवाददाता।
थाना क्षेत्र के चांदपुर चट्टी के समीप मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के पंदह गांव निवासी प्रमोद कुमार राय (पुत्र रामसिंगार राय) एवं अनंत राय (पुत्र अवधेश राय) मंगलवार की देर रात चितबड़ागांव से एक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से फेफना-गड़वार मार्ग होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे गड़वार थाना क्षेत्र के चांदपुर चट्टी के समीप पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
उधर से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना गड़वार पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने ले आई।
थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि बाइक और कार को कब्जे में ले लिया गया है। अज्ञात कार चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।