दुलियाजन में हत्या कांड,दो युवतियों पर महिला की हत्या का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार।
दुलियाजान, 12 फरवरी :- दुलियाजान के नूतनपड़ा क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या कांड की घटना से पूरे इलाके में सनसनी सनसनी फैली हुई है । मृत महिला की पहचान लाकी चलिहा के रूप में की गई है। घटना के संबंध में पुलिस ने दो युवतियों को गिरफ्तार कर थाना में पूछताछ शुरू कर दी है।
गिरफ्तार युवतियों की पहचान दुलियाजान के हरिहर पथ निवासी आकाशीतारा चावरा तथा ऑयल इंडिया आवासीय क्षेत्र के सर्वेंट क्वार्टर निवासी बेबी नाहरडेका के रूप में की गई है। दोनों से पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।
परिजनों द्वारा दुलियाजान थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, आरोप है कि दोनों युवतियों ने पहले लाकी चलिहा को शराब पिलाई और उसके बाद ड्रग्स का इंजेक्शन दिया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उसे अचेत अवस्था में दुलियाजान ऑयल इंडिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के साथ उसकी दो वर्षीय बेटी भी थी, जो फिलहाल सुरक्षित और स्वस्थ बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।