गड़वार (बलिया): महाशिवरात्रि व रमजान को लेकर पीस कमेटी की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

गड़वार (बलिया): महाशिवरात्रि व रमजान को लेकर पीस कमेटी की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

गड़वार थाना परिसर में आगामी महाशिवरात्रि एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थानाध्यक्ष हितेश कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिक, पूजन समिति के सदस्य तथा विभिन्न समुदायों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

थानाध्यक्ष ने कहा कि महाशिवरात्रि के अवसर पर परंपरागत रूप से झांकी और जुलूस निकाले जा सकते हैं, लेकिन जुलूस केवल बैंड-बाजे के साथ ही निकाला जाएगा। डीजे के प्रयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी जुलूस और झांकियां पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाली जाएंगी, किसी नए मार्ग की अनुमति नहीं होगी। जुलूस के दौरान नशे का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में उपस्थित हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के गणमान्य नागरिकों तथा ग्राम प्रधानों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और दोनों पर्वों को आपसी सौहार्द के साथ मनाने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने सभी से शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

Leave a Comment