आनिपुर में सिंगला पुल ढहा, चार घायल; इलाके में तनाव

आनिपुर में सिंगला पुल ढहा, चार घायल; इलाके में तनाव

शनबिल/रामकृष्णनगर, 11 फरवरी:
रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आनिपुर पीडब्ल्यूडी रोड पर स्थित सिंगला पुल बुधवार को अचानक ढह गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुल गिरने से दो मिट्टी लदे डंपर, दो ऑल्टो कार, एक बोलेरो पिकअप, एक बाइक और एक छोटा ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को पुल के नीचे से निकालकर तत्काल रामकृष्णनगर अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्णनगर के सर्किल ऑफिसर सौविक दत्ता पुलिस बल, दमकल कर्मियों, मेडिकल टीम और अर्धसैनिक बल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

विधायक विजय मालाकार और श्रीभूमि के जिलाधीश प्रदीप कुमार द्विवेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि किसी ने भी अचानक पुल के ढहने की कल्पना नहीं की थी। उन्होंने आशंका जताई कि अगले एक महीने तक क्षेत्र की आम जनता को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

विधायक ने घायलों का हालचाल लिया और तुरंत मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा को घटना की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया। संबंधित विभाग के मंत्री कृष्णेंदु पाल और कौशिक राय को भी अवगत कराया गया, जिन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

शाम को विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ दुल्लभछड़ा और रामकृष्णनगर के पुलों की स्थिति पर बैठक की और दोनों पुलों का कार्य शीघ्र पूरा कर जनता के लिए चालू करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि दुल्लभछड़ा पुल कुछ दिनों में आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा, जबकि आनिपुर पुल के पुनर्निर्माण में थोड़ा समय लगेगा। हालांकि, एक सप्ताह के भीतर अस्थायी रूप से मजबूत बांस का पुल बनाकर लोगों के आवागमन की व्यवस्था की जाएगी।

Leave a Comment