पाकिस्तान मुद्दे पर सियासी घमासान: उधारबंद और श्रीभूमि में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, गौऱव गोगोई के समर्थन में दुग्ध स्नान कार्यक्रम

पाकिस्तान मुद्दे पर सियासी घमासान: उधारबंद और श्रीभूमि में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, गौऱव गोगोई के समर्थन में दुग्ध स्नान कार्यक्रम

पाकिस्तान मुद्दे को लेकर राज्यभर में जारी राजनीतिक तनातनी के बीच उधारबंद और श्रीभूमि में कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जहां एक ओर भाजपा द्वारा विभिन्न स्थानों पर पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं इसके जवाब में उधारबंद कांग्रेस ने असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के समर्थन में उनकी तस्वीर का दुग्ध स्नान कराकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया।

बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कांग्रेस नेता पल्लव सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों युवक और महिला कार्यकर्ता उधारबंद में नेताजी की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं के हाथों में गौरव गोगोई की तस्वीरें और पार्टी के झंडे थे। नारेबाजी के बीच उनकी तस्वीर पर दूध चढ़ाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे ‘सम्मान प्रदर्शन’ बताते हुए अपना राजनीतिक संदेश स्पष्ट किया।

इस दौरान पल्लव सिंह यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा और बराक घाटी के विकास मंत्री कौशिक राय पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि गौरव गोगोई की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा घबराई हुई है। कौशिक राय के उस बयान पर भी उन्होंने पलटवार किया, जिसमें कहा गया था कि गौरव गोगोई को बराक में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। यादव ने कहा कि यदि गोगोई बराक आते हैं तो उनका लाल कालीन बिछाकर स्वागत किया जाएगा।

उधर, श्रीभूमि के इंदिरा भवन के सामने जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भी विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। ‘देश से बड़ा कोई नहीं’ जैसे संदेश लिखे प्लेकार्ड लेकर कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष तापस पुरकायस्थ ने पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री पर विभिन्न आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

‘गौरव गोगोई जिंदाबाद’, ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’ जैसे नारों से कांग्रेस कार्यालय के सामने का इलाका देर तक गूंजता रहा। पाकिस्तान मुद्दे को लेकर प्रदेश में सियासी तापमान लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।

Leave a Comment