कार में जहर देकर तिहरा हत्याकांड: कुख्यात तांत्रिक कमरुद्दीन गिरफ्तार, ‘धनवर्षा’ के नाम पर रची थी साजिश

कार में जहर देकर तिहरा हत्याकांड: कुख्यात तांत्रिक कमरुद्दीन गिरफ्तार, ‘धनवर्षा’ के नाम पर रची थी साजिश

नई दिल्ली, 12 फरवरी 2026।
बाहरी जिला पुलिस ने एक सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए स्वयंभू तांत्रिक कमरुद्दीन उर्फ ‘बाबा’ को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर “धनवर्षा” कराने के नाम पर तीन लोगों को झांसे में लेकर कार के भीतर जहर देकर उनकी हत्या कर दी और नकदी लूटकर फरार हो गया।

यह कार्रवाई जॉइंट सीपी वेस्टर्न रेंज जतीन नरवाल के नेतृत्व तथा डीसीपी आउटर सचिन शर्मा की निगरानी में की गई।


ऐसे सामने आया मामला

8 फरवरी 2026 को थाना पश्चिम विहार ईस्ट में डीडी नंबर 55ए के तहत एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। सूचना थी कि एक सफेद कार में तीन लोग बेहोश पड़े हैं। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

कार में:

  • ड्राइवर सीट पर 76 वर्षीय बुजुर्ग,
  • बाहर निकाला गया 42 वर्षीय पुरुष,
  • तथा कार के अंदर 40 वर्षीय महिला अचेत अवस्था में मिले।

तीनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतकों की पहचान

  • रणधीर (76) – ग्राम बापरोला, दिल्ली
  • शिव नरेश (42) – प्रॉपर्टी डीलर, नागली डेयरी, दिल्ली
  • लक्ष्मी (40) – जहांगीरपुरी, दिल्ली

परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए हत्या की संभावना जताई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की।


जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

कार की तलाशी में शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज बरामद हुए। तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल रिकॉर्ड से पता चला कि तीनों मृतक घटना से एक दिन पहले और घटना वाले दिन लोनी (गाजियाबाद) गए थे, जहां वे कमरुद्दीन नामक तांत्रिक के संपर्क में थे।

जांच में यह भी सामने आया कि लौटते समय कार में एक अतिरिक्त व्यक्ति मौजूद था, जिसकी पहचान कमरुद्दीन के रूप में हुई। वह लोनी से कार में सवार हुआ और घटना स्थल के पास उतर गया।


‘धनवर्षा’ के नाम पर रची साजिश

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि करीब दो महीने पहले लक्ष्मी का परिचय उससे जहांगीरपुरी निवासी सलीम के माध्यम से हुआ था। बाद में लक्ष्मी ने रणधीर और शिव नरेश को भी उससे मिलवाया।

आरोपी ने तीनों को तांत्रिक अनुष्ठान के जरिए “धनवर्षा” कराने का लालच दिया और उनसे 2 लाख रुपये नकद, शराब व कोल्ड ड्रिंक लाने को कहा। आरोप है कि उसने पहले से जहर मिले लड्डू तैयार कर रखे थे। कार में यात्रा के दौरान उसने शराब और कोल्ड ड्रिंक के साथ वही लड्डू खिलाए। बेहोश होने के बाद आरोपी नकदी लेकर फरार हो गया।


आपराधिक इतिहास

कमरुद्दीन उर्फ बाबा को पुलिस आदतन अपराधी बता रही है। उसके खिलाफ पहले भी गंभीर मामले दर्ज हैं:

  • एफआईआर संख्या 31/2014, थाना राजा खेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) – हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं
  • एफआईआर संख्या 105/2025, थाना मक्खनपुर, फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश)

आगे की कार्रवाई

थाना पश्चिम विहार पूर्व में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तकनीकी व फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी स्वयंभू तांत्रिक, चमत्कार या धनवर्षा के नाम पर लालच देने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Comment