एडमिट कार्ड न मिलने से काठीघोड़ा में 6 छात्र-छात्राएं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा से वंचित, केंद्र के बाहर फूट-फूटकर रोई छात्रा

एडमिट कार्ड न मिलने से काठीघोड़ा में 6 छात्र-छात्राएं उच्चतर माध्यमिक परीक्षा से वंचित, केंद्र के बाहर फूट-फूटकर रोई छात्रा

काछार जिले के काठीघोड़ा में उच्चतर माध्यमिक परीक्षा के पहले ही दिन एक चिंताजनक मामला सामने आया। ग्रीन वैली सीनियर सेकेंडरी नामक निजी विद्यालय के छह छात्र-छात्राएं एडमिट कार्ड न मिलने के कारण परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।

पहले दिन की परीक्षा देने के लिए शमीमा अख्तर लस्कर नाम की एक छात्रा केवल रजिस्ट्रेशन कार्ड लेकर परीक्षा केंद्र पहुंची थी। लेकिन एडमिट कार्ड न होने के कारण उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। केंद्र के बाहर ही वह फूट-फूटकर रो पड़ी। अपनी बेटी को इस हालत में देख उसकी मां भी भावुक हो गईं। परीक्षा से वंचित होने के कारण छात्रा गहरे सदमे में दिखी।

परिजनों का आरोप है कि संबंधित निजी विद्यालय ने बीते दो वर्षों में छात्रा से लगभग 50 हजार रुपये शुल्क के रूप में वसूले थे। इसके बावजूद न तो एडमिट कार्ड उपलब्ध कराया गया और न ही परीक्षा में बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसी स्कूल के कुल छह छात्र-छात्राएं इस समस्या से प्रभावित हुए हैं।

घटना के बाद अभिभावकों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि छात्रों का भविष्य दांव पर न लगे।

Leave a Comment