रामकृष्णनगर, 22 जून (गौतम सरकार): श्रीभूमि जिले के रामकृष्णनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कृषि विभाग के कार्यालय परिसर में रविवार को 50 किसानों के बीच धान के बीज एवं कृषि औषधियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक विजय मलाकार उपस्थित रहे। कृषि विभाग के अधिकारियों ने उन्हें पारंपरिक उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्रीभूमि जिला कृषि विभाग के अधिकारी तथा रामकृष्णनगर कृषि विभाग के प्रभारी एसडीओ शफीकुल इस्लाम ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी) बनवाना अनिवार्य है। उन्होंने किसानों से अपील की कि जिन लोगों ने अभी तक किसान आईडी नहीं बनवाई है, वे शीघ्र ही निकटवर्ती कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में जाकर इसे बनवा लें, ताकि सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें।
अपने संबोधन में विधायक विजय मलाकार ने राज्य के कृषि मंत्री पियूष हजारिका एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि असम का कृषि विभाग लगातार सशक्त हो रहा है, जिसका सीधा लाभ गरीब किसानों को मिल रहा है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अब विभाग में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या दलाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार का आरोप सिद्ध होता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने कहा कि कुछ दलालों के कारण अतीत में पूरे विभाग की छवि प्रभावित हुई थी, लेकिन वर्तमान सरकार के प्रयासों से दलाल संस्कृति में काफी कमी आई है और किसानों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि कृषि मंत्री के निर्देशानुसार अब किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं और अनुदानों का वितरण विधायकों की उपस्थिति में किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि किसान समाज की रीढ़ हैं और देश की खाद्य सुरक्षा उन्हीं के परिश्रम पर निर्भर करती है। इसलिए कृषि विभाग के अधिकारियों और ग्राम सेवकों को नियमित रूप से गांवों में जाकर किसानों के बीच जागरूकता शिविर आयोजित करने चाहिए तथा उन्हें सरकारी योजनाओं और कृषि संबंधी सुविधाओं की जानकारी देनी चाहिए।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम पंचायत में कृषि शिविर आयोजित करें तथा यह जानकारी एकत्र करें कि किस क्षेत्र में धान, सब्जियां अथवा अन्य फसलें उगाई जाती हैं, ताकि किसानों की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कार्य में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि पूरा सहयोग करेंगे।
कार्यक्रम में विधायक के प्रतिनिधि शांतनु शेखर दास, रामकृष्णनगर नगर पालिका की अध्यक्ष प्रतिमा नाथ, मंडल भाजपा अध्यक्ष प्रीतम पाल, भैरवनगर मंडल भाजपा अध्यक्ष हीरेश विश्वास, वार्ड आयुक्त संदीप दत्ता, किसान मोर्चा अध्यक्ष विनीत भट्टाचार्य सहित कृषि विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।