चरगोला अस्पताल में राहत की बयार

तीन नए चिकित्सकों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाएं हुईं नियमित, क्षेत्रवासियों में खुशी

राताबाड़ी, 22 जून।

लंबे समय से प्रतीक्षित चिकित्सकीय सुविधाओं को लेकर चरगोला मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एमपीएचसी) में अब सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), असम के तहत नियुक्त तीन नए चिकित्सकों के नियमित रूप से कार्यभार संभालने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे चरगोला तथा आसपास के विस्तृत ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. इमाम उद्दीन, डॉ. जाकिरा बेगम तथा डॉ. शमीम अहमद वर्तमान में चरगोला एमपीएचसी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनके आने से अस्पताल की बाह्य रोगी सेवा (ओपीडी), प्राथमिक उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न चिकित्सा गतिविधियां अधिक व्यवस्थित और प्रभावी हुई हैं।

गौरतलब है कि नए अस्पताल भवन के निर्माण के बावजूद लंबे समय तक चिकित्सकों की कमी को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ था। हालांकि अब एक साथ कई चिकित्सकों की उपलब्धता से स्थिति में काफी सुधार आया है, जिससे स्थानीय लोगों में संतोष का वातावरण है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि नियमित चिकित्सकीय सेवाएं मिलने से अब सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

स्थानीय बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में यदि अस्पताल में और अधिक स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की जाती है, तो चरगोला एमपीएचसी इस पूरे क्षेत्र का एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बनकर उभरेगा।

चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं में आए सुधार पर क्षेत्र के लोगों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में यह सकारात्मक परिवर्तन ग्रामीण जनजीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और स्वागतयोग्य कदम है।

Leave a Comment