4 अक्टूबर को धलाई में राष्ट्र सेविका समिति का जिला सम्मेलन

नागरिक सभा के साथ 90 सेविकाओं का होगा पथसंचलन

शिलचर से रानू दत्त की रिपोर्ट | 2 अक्टूबर:
राष्ट्र सेविका समिति के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दक्षिण असम प्रांत के अंतर्गत दक्षिण कछार जिला इकाई की ओर से आगामी 4 अक्टूबर, रविवार को धलाई स्थित बी.एन.एम.पी. स्कूल परिसर में जिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के अवसर पर विशाल नागरिक सभा तथा पथसंचलन का भी आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम की जानकारी गुरुवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन में समिति की पदाधिकारियों ने दी। राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत बौद्धिक प्रमुख मुक्ता दास ने बताया कि वर्ष 1936 में विजयादशमी के पावन अवसर पर वंदनीया लक्ष्मीबाई केलकर ने राष्ट्र सेविका समिति की स्थापना की थी। संगठन के 90 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष के कार्यक्रमों का मूल भाव ‘नारी शक्ति के माध्यम से राष्ट्र निर्माण’ रखा गया है।

मुक्ता दास ने कहा कि महिलाओं को संगठित एवं जागरूक कर समाज और राष्ट्र के पुनर्निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना इन कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य है। इसी राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत दक्षिण असम प्रांत के सहयोग से दक्षिण कछार जिले में जिला सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर को धलाई के बी.एन.एम.पी. स्कूल परिसर में विशाल नागरिक सभा आयोजित होगी। इसके साथ ही 90 सेविकाओं की सहभागिता में पथसंचलन निकाला जाएगा।

नागरिक सभा में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय प्रमुख कार्यवाहिका अन्नदानम सीता गायत्री उपस्थित रहेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख सुपर्णा दे शामिल होंगी। राष्ट्र सेविका समिति की अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगी।

मुक्ता दास ने कहा कि महिलाओं की शक्ति को संगठित कर समाज को सशक्त बनाने तथा तेजस्वी, वैभवशाली और शक्तिशाली भारत के पुनर्निर्माण में योगदान देना राष्ट्र सेविका समिति का प्रमुख उद्देश्य है।

पत्रकार सम्मेलन में कछार जिला कार्यवाहिका बर्णाली शर्मा तथा नगर प्रचार प्रमुख महुआ राय सहित समिति की अन्य पदाधिकारी उपस्थित थीं।

Leave a Comment