शिलचर नगर निगम का पहला चुनाव कल, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

40 वार्डों में होगा मतदान, दो वार्डों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित

शिलचर, 2 अक्टूबर: शिलचर नगर निगम के गठन के बाद पहली बार होने जा रहे नगर निगम चुनाव के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान 3 अक्टूबर को होगा। नगर निगम के कुल 42 वार्डों में से 40 वार्डों में मतदान कराया जाएगा, जबकि दो वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचित होने के कारण वहां मतदान नहीं होगा।

स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदानकर्मियों को बैलेट बॉक्स, मतदान सामग्री और अन्य आवश्यक चुनावी उपकरण वितरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

कछार के जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चुनावी तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ-साथ सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं मतदानकर्मियों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

शिलचर नगर निगम का यह पहला चुनाव होने के कारण इसे लेकर राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब सभी की निगाहें 3 अक्टूबर को होने वाले मतदान और इसके बाद आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।

Leave a Comment