15 लाख रुपये मूल्य की टिन लेकर ट्रक चालक फरार, पुलिस ने ट्रक बरामद किया, माल का अब तक नहीं मिला सुराग
चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर, 7 जून: गुवाहाटी के बर्नीहाट से कछार जिले के बांसकांदी के लिए भेजी गई लगभग 15 लाख रुपये मूल्य की टिन रहस्यमय ढंग से रास्ते से गायब हो गई है। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने कातिराइल क्षेत्र से ट्रक बरामद कर लिया है, लेकिन चालक और मालिक पक्ष के लोग अब तक फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि चालक ने मालिक पक्ष की मिलीभगत से रास्ते में कहीं टिन बेच दी और फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, बांस्कांदी स्थित एमएम हार्डवेयर के मालिक जरीप उद्दीन लस्कर (बक्कू) ने गत 20 मई को बर्नीहाट स्थित पावर रूफिंग फैक्ट्री से 14 लाख 52 हजार 937 रुपये मूल्य की टिन खरीदी थी। टिन को बांसकांदी तक पहुंचाने के लिए दलाल अब्दुल हकीम बरभुइयां और अमीनुल इस्लाम लस्कर के माध्यम से एएस-डीसी-2186 नंबर के ट्रक में लोड कराया गया था।
ट्रक की मालकिन पांचग्राम थाना क्षेत्र के कालीनगर आठवें खंड की निवासी झरना खातून लस्कर हैं, जबकि उनके पति का नाम शफीक उद्दीन लस्कर बताया गया है। ट्रक का चालक जिरीबाम निवासी मोस्ताक आलम था, जो हाफलोंग मार्ग से बांस्कांडी आ रहा था।
हालांकि 4 जून तक टिन से लदा ट्रक गंतव्य तक नहीं पहुंचा, जिसके बाद जरीप उद्दीन लस्कर ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर 5 जून को लखीपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(3), 318(4), 303(2) और 61 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले में शिकायतकर्ता ने पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इनमें गुवाहाटी के अब्दुल हकीम, झरना खातून लस्कर, चालक मोस्ताक आलम, अमीनुल इस्लाम तथा किंकर शर्मा शामिल हैं। पुलिस अब तक तीन आरोपियों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन गायब टिन का कोई पता नहीं चल सका है।
सूत्रों के अनुसार, टिन से लदा ट्रक बरखोला तक पहुंचा था, जिसके बाद उसका कोई स्पष्ट पता नहीं चल पाया। मामले की जांच लखीपुर थाना के उपनिरीक्षक (एसआई) रेहान उद्दीन कर रहे हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।