हाइलाकांदी में विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ मातृ दुग्ध के महत्व पर जागरूकता का संदेश

प्रीतम दास हाइलाकांदी, १ अगस्त: विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर शनिवार से हाइलाकांडी जिले के विभिन्न ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों उप-स्वास्थ्य केंद्रों तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में सप्ताहव्यापी जागरूकता कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। ७ अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं को परामर्श देने स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करने तथा विभिन्न चर्चा सत्रों का आयोजन किया जाएगा।जिला स्तरीय उद्घाटन समारोह लाला ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. एम. आई. बरभुइया थे। इस अवसर पर लाला ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एसडीएम एवं एचओएस जिला तथा ब्लॉक स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में डॉ. बरभुइया ने कहा कि नवजात शिशु के जन्म के प्रथम एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जीवन के पहले छह महीनों तक शिशु के लिए केवल माँ का दूध ही सर्वोत्तम एवं संपूर्ण आहार है। इस अवधि में किसी अन्य भोजन या पेय पदार्थ की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने सलाह दी कि छह महीने के बाद पूरक आहार शुरू करने के साथ-साथ कम से कम दो वर्ष अथवा उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखा जाना चाहिए।उन्होंने आगे कहा कि मातृ दुग्ध शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने कुपोषण की रोकथाम करने तथा शिशु मृत्यु दर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं को उचित परामर्श देना तथा उन्हें स्तनपान के प्रति जागरूक बनाना स्वास्थ्यकर्मियों की अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के दौरान स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने प्रसूता माताओं को नियमित परामर्श प्रदान करने तथा अस्पताल में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए लाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दो जीएनएम तथा लालामुख आदर्श स्वास्थ्य उपकेंद्र और कछारीथल स्वास्थ्य उपकेंद्र की दो एएनएम को सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में ७ अगस्त तक अनेक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्तनपान के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं सशक्त पीढ़ी के निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाना है।

Leave a Comment