प्रीतम दास हाइलाकांदी, १३ अगस्त: स्वतंत्रता के ८० वें वर्ष के आयोजन को ध्यान में रखते हुए देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश जन जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से गुरुवार सुबह हाइलाकांडी शहर में ‘हर घर तिरंगा’ रैली का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस पदयात्रा में विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया जिससे पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।सुबह ७ बजे हाइलाकांदी जिला आयुक्त कार्यालय परिसर से रैली की शुरुआत हुई। राष्ट्रीय ध्वज लहराकर जिला विकास आयुक्त नरसिंह बे ने पदयात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक विभाग की प्रभारी अतिरिक्त जिला आयुक्त अंतरा सेन अतिरिक्त जिला आयुक्त लिमपुइया नामपुई सहित जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।हाथों में तिरंगा लेकर शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी रैली में शामिल हुए। देशभक्ति के नारों और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के थीम गीत के साथ विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से पदयात्रा में भाग लिया। छात्रों की उत्स्फूर्त भागीदारी से रैली के पूरे मार्ग पर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला।रैली में जिला प्रशासन के सहायक आयुक्तों के साथ पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं जवान भी शामिल हुए। प्रशासन और पुलिस के समन्वित प्रयासों से पूरा कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हुआ।जिला आयुक्त कार्यालय से शुरू हुई रैली शहर की विभिन्न प्रमुख सड़कों से होकर पुनः उसी स्थान पर पहुँचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान देश के प्रति प्रेम और स्वतंत्रता की भावना विशेष रूप से प्रदर्शित हुई।जिला प्रशासन की इस पहल के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का मूल उद्देश्य प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ साथ नागरिकों में देशभक्ति राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करना एक बार फिर सामने आया। हाइलाकांदी की इस रैली में विद्यार्थियों की भारी भागीदारी ने इस संदेश को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।