प्रीतम दास हाइलाकांदी, २९ जुलाई: असम सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित १५ दिवसीय ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक कार्यशाला का मंगलवार को हैलाकांडी में सफलतापूर्वक समापन हुआ। जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत चार विद्यालयों में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता सांस्कृतिक प्रतिभा तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना था।समापन समारोह का आयोजन सरकारी विक्टोरिया मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हाइलाकांदी की अतिरिक्त जिला आयुक्त अंतरा सेन थीं। इसके अतिरिक्त सहायक आयुक्त प्रसेनजीत डे विद्यालय की प्रधानाचार्या राजश्री सरकार शिक्षक शिक्षिकाएँ विद्यार्थी अभिभावक तथा जिले के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।१५ दिनों तक चली इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को नृत्य, संगीत तथा योग का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों से लगभग ६0 छात्र छात्राओं ने इसमें भाग लिया और प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता को विकसित करने का अवसर प्राप्त किया।
समापन समारोह में अतिथियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास अनुशासन टीम भावना तथा सांस्कृतिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।कार्यशाला के प्रमुख आयोजकों में से एक लल्लन प्रसाद गोयाला ने बताया कि इस वर्ष जिले के विभिन्न विद्यालयों से लगभग ६० छात्र-छात्राओं ने कार्यशाला में भाग लिया। उन्होंने कार्यशाला के सफल आयोजन एवं संचालन में जिला प्रशासन द्वारा प्रदान किए गए पूर्ण सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।उल्लेखनीय है कि असम सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग के सहयोग से स्वयंसेवी संस्था शिव दुर्गा क्लब ने इस कार्यशाला के आयोजन एवं संचालन की जिम्मेदारी निभाई तथा इसे सफलतापूर्वक संपन्न किया।