सीआरपीएफ स्थापना दिवस पर ग्रुप केंद्र, शिलचर में शहीदों को श्रद्धांजलि, खेलकूद और बड़ाखाना का आयोजन

शिलचर, 29 जुलाई। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ, शिलचर परिसर में सोमवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने से लेकर सैनिक सम्मेलन, खेल प्रतियोगिता तथा जवानों के लिए बड़ाखाना तक कई कार्यक्रम संपन्न हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्रुप केंद्र स्थित शहीद स्मारक पर देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर हुई। इस दौरान उपमहानिरीक्षक श्री उदय प्रताप सिंह, उपमहानिरीक्षक (चिकित्सा) श्री संजीव चौधरी, अन्य राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इसके बाद क्वार्टर गार्ड पर सलामी दी गई तथा जवानों के बीच मिष्ठान वितरण किया गया। विशेष सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमहानिरीक्षक श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि 27 जुलाई केवल सीआरपीएफ के स्थापना दिवस का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए समर्पित उन वीर अधिकारियों और जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान का भी स्मरण कराता है, जो परिवार से दूर रहकर कठिन मौसम, दुर्गम क्षेत्रों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी राष्ट्रसेवा के प्रति अडिग रहते हैं।

उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के जवानों का अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव है। स्थापना दिवस ऐसे वीर जवानों के योगदान को सम्मान देने और नई पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करता है।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शाम को ग्रुप केंद्र, शिलचर और सीआईएटी, शिलचर के बीच मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके साथ ही सभी मेसों में बड़ाखाना आयोजित कर जवानों के साथ स्थापना दिवस का उत्सव मनाया गया।

Leave a Comment