प्रतिनिधि हाइलाकांदी, २३ जून:
मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में हाइलाकांदी जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर हाइलाकांदी शहर के मिशन रोड क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने लगभग १० हजार प्रतिबंधित याबा गोलियां बरामद की हैं। बरामद याबा की अनुमानित बाजार कीमत लगभग २० लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया गया है जबकि उसका एक सहयोगी पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस सूत्रों के अनुसार लंबे समय से मिशन रोड क्षेत्र में एक गिरोह के मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त होने की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर मंगलवार को हाइलाकांदी पुलिस की एक विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर ए. एस.२४.ई.०४४८ नंबर की एक ऑल्टो कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान वाहन के भीतर विशेष रूप से छिपाकर रखी गई लगभग १० हजार प्रतिबंधित याबा गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा वाहन से कुछ नकद राशि एक ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए। बरामद सभी सामानों को जांच के हित में पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
इस अभियान का नेतृत्व हाइलाकांदी जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (संयुक्त) समीर दप्तर बरुआ ने किया। अभियान में हाइलाकांदी सदर थाना के प्रभारी अधिकारी (ओसी) पॉल लाललानसांगा तथा पुलिस की विशेष टीम भी शामिल रही। कार्रवाई के दौरान नजमुल हक मज़ारभुइयां नामक एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया गया। हालांकि उसके साथ मौजूद एक अन्य सहयोगी पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और उसे गिरफ्तार करने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी जारी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बरामद की गई इतनी बड़ी मात्रा में याबा गोलियां जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आपूर्ति करने के उद्देश्य से लाई गई थीं। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस खेप के पीछे एक बड़ा मादक पदार्थ तस्करी गिरोह सक्रिय है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए जांच का दायरा और विस्तृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि बरामद याबा की उत्पत्ति, इसे कहां से लाया गया तथा जिले के किन किन क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति की जानी थी, इन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही इस मामले का अंतर-जिला तथा अंतर राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पूरे हाइलाकांदी जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा। मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण अथवा बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।