हाइलाकांडी, 15 जुलाई। असम सरकार के सांस्कृतिक परिक्रमण विभाग की पहल, हाइलाकांडी जिला प्रशासन के सहयोग तथा पालंगघाट शिवदुर्गा क्लब के प्रबंधन में जिले के हाइलाकांडी तथा अल्गापुर-कटलीछड़ा विधानसभा क्षेत्रों के चार विद्यालयों में 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन सांस्कृतिक कार्यशाला का बुधवार को शुभारंभ किया गया।
कार्यशाला का उद्घाटन हाइलाकांडी के अतिरिक्त जिला आयुक्त प्रसेनजीत डे ने किया। शिवदुर्गा क्लब द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला प्रशासन ने कार्यशाला के लिए चार विद्यालयों का चयन किया है। इनमें हाइलाकांडी विधानसभा क्षेत्र के सरकारी वीएम एचएस स्कूल तथा पीएम श्री चारमाक्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जबकि अल्गापुर-कटलीछड़ा विधानसभा क्षेत्र के अल्गापुर पब्लिक एचएस स्कूल और पीएमसी जामीरा एचएस स्कूल शामिल हैं। सभी विद्यालयों में एक साथ कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया गया।
शिवदुर्गा क्लब के प्रबंधन में आयोजित इस 15 दिवसीय कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रशिक्षक विद्यार्थियों को संगीत, नृत्य, चित्रकला और नाट्यकला का प्रशिक्षण देंगे। इसके साथ ही योग एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला आयुक्त प्रसेनजीत डे ने कहा कि असम सरकार ने वर्ष 2023 से ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों को संगीत, नाटक, चित्रकला, योग जैसी रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभिनव पहल शुरू की है। उन्होंने कहा कि कला एवं संस्कृति के संरक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे व्यापक जनसमर्थन भी मिला है।
उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी इन कार्यशालाओं के संचालन की जिम्मेदारी पालंगघाट शिवदुर्गा क्लब को सौंपी गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को कार्यशाला में भाग लेने के लिए प्रेरित करने तथा शिक्षकों से इसे सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उद्घाटन समारोह में जिला परिषद सदस्य अंजन नाथ, सांस्कृतिक व्यक्तित्व शंकर चौधरी, संगीत शिक्षक दीपशंकर पाल, शिवदुर्गा क्लब के सलाहकार लालन प्रसाद गोयाला, सचिव बाबलू दास, सदस्य राजीव ओवाला, धन शइकिया तथा कपिल देव गोयाला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
यह 15 दिवसीय कार्यशाला 29 जुलाई को संपन्न होगी।