स्कॉलरशिप के साथ देश के शीर्ष गणित संस्थान सीएमआई में चयनित हुए शिलचर के अरिंदम सी

स्कॉलरशिप के साथ देश के शीर्ष गणित संस्थान सीएमआई में चयनित हुए शिलचर के अरिंदम सी
प्रे.स. शिलचर, 8 जून। असम तथा बराक घाटी के शैक्षिक जगत के लिए गर्व का विषय है कि शिलचर के प्रतिभाशाली छात्र अरिदम सी का देश के प्रतिष्ठित गणित संस्थान Chennai Mathematical Institute (सीएमआई) में गणित एवं कंप्यूटर विज्ञान (बीएससी ऑनर्स) पाठ्यक्रम के लिए स्कॉलरशिप सहित चयन हुआ है। अत्यंत कठिन और प्रतिस्पर्धी प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अरिंदम ने न केवल अपने परिवार, बल्कि शिलचर और पूरे असम का नाम भी रोशन किया है।
सीएमआई देश के अग्रणी उच्च शिक्षा एवं शोध संस्थानों में गिना जाता है। गणित, सैद्धांतिक कंप्यूटर विज्ञान और भौतिकी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा तथा अनुसंधान के लिए इसकी विशेष पहचान है। हर वर्ष देशभर से हजारों मेधावी छात्र-छात्राएं यहां प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन चयनित होने का अवसर केवल कुछ चुनिंदा विद्यार्थियों को ही मिल पाता है। इसी कारण सीएमआई में प्रवेश को देश की सबसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक उपलब्धियों में से एक माना जाता है।
अरिंदम की इस सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण है। वह पिछले छह वर्षों से शिलचर स्थित Dr. Kalam Institute of Science and Education (काइस) का छात्र रहा है। संस्थान के शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन ने उसकी गणितीय समझ और शोधोन्मुख सोच को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
परिवार के अनुसार अरिंदम को बचपन से ही गणित में विशेष रुचि थी। विद्यालयी शिक्षा के साथ-साथ उसने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी गंभीरता से जारी रखी। इसी निरंतर प्रयास और लगन का परिणाम है कि उसे सीएमआई जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में अध्ययन का अवसर प्राप्त हुआ है।
अरिंदम के परिजनों ने बताया कि यह उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उसके शिक्षकों, परिवारजनों, मित्रों और शुभचिंतकों के सहयोग एवं प्रेरणा का भी परिणाम है। विशेष रूप से काइस के शिक्षकों की मेहनत, स्नेह और मार्गदर्शन ने उसकी सफलता की मजबूत नींव रखी।
उच्च शिक्षा के लिए अरिंदम शीघ्र ही चेन्नई रवाना होगा। परिवार में जहां इस उपलब्धि को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल है, वहीं उसके उज्ज्वल भविष्य को लेकर भी बड़ी उम्मीदें हैं। गणित और कंप्यूटर विज्ञान के क्षेत्र में देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में अध्ययन का अवसर किसी भी छात्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
शिक्षाविदों का मानना है कि अरिंदम की सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। आज के समय में चिकित्सा और इंजीनियरिंग के अलावा गणित, डेटा साइंस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), शोध तथा सैद्धांतिक कंप्यूटर विज्ञान जैसे क्षेत्रों में भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। सीएमआई में उसका चयन इन उभरते अवसरों का सशक्त उदाहरण है।
उल्लेखनीय है कि अरिंदम इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुका है। माध्यमिक, उच्च माध्यमिक तथा जेईई मेन्स परीक्षाओं में उसके शानदार परिणामों ने पहले ही लोगों का ध्यान आकर्षित किया था। अब सीएमआई में चयन के साथ उसने अपनी प्रतिभा का एक और महत्वपूर्ण प्रमाण प्रस्तुत किया है।
अरिंदम की इस उपलब्धि से शिलचर सहित पूरे बराक घाटी के शैक्षणिक क्षेत्र में खुशी की लहर है। शिक्षक, सहपाठी और शुभचिंतक आशा व्यक्त कर रहे हैं कि उसकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी गणित, अनुसंधान और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
शिलचर के इस होनहार युवा को उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी वर्गों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं और बधाइयां दी जा रही हैं। अरिंदम की यह सफलता न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे बराक घाटी और असम के लिए गर्व का विषय बन गई है।

Leave a Comment