त्रिपुरा में दुर्गा वाहिनी शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, 126 शिक्षार्थी ले रही हैं प्रशिक्षण

अगरतला, त्रिपुरा। विश्व हिंदू परिषद, त्रिपुरा प्रांत द्वारा आयोजित दुर्गा वाहिनी शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन समारोह सेवाधाम, खयेरपुर में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण वर्ग में त्रिपुरा के विभिन्न जिलों से आईं 126 शिक्षार्थी बहनें भाग ले रही हैं। इनके मार्गदर्शन के लिए 15 प्रबंधिकाएं तथा 10 शिक्षिकाएं भी उपस्थित हैं।

उद्घाटन समारोह में दुर्गा वाहिनी की अखिल भारतीय राष्ट्रीय संयोजिका प्रज्ञा महाला दीदी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के प्रधान अतिथि त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष रामपद जमातिया थे। विशिष्ट अतिथियों में त्रिपुरा सरकार की राज्य मंत्री शांताना चकमा, प्रमुख संत कार्तिक प्रभु, विश्व हिंदू परिषद त्रिपुरा प्रांत के सभापति सचिन कलई, वर्ग प्रमुख राजर्षि दास, दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका निर्मला नोआतिया, प्रांत संगठन मंत्री शशिकांत पांडे तथा प्रांत मंत्री शंकर राय सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्गा वाहिनी का शौर्य प्रशिक्षण वर्ग युवतियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और राष्ट्रभक्ति का विकास करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रतिभागियों को शारीरिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, संगठनात्मक कार्यकुशलता तथा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

यह वर्ग सेवाधाम, खयेरपुर में निर्धारित अवधि तक संचालित होगा, जिसमें पूरे त्रिपुरा से आई बहनें प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज और राष्ट्र सेवा के लिए स्वयं को तैयार करेंगी।

Leave a Comment