सोनाई नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, पुलिस की देरी पर लोगों में आक्रोश

शिलचर, शनिवार: सोनाई नदी में शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। धर्मी-जमालपार क्षेत्र में नदी किनारे कचरे के बीच शव फंसा हुआ देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। लंबे समय तक पुलिस के आने का इंतजार करने के बाद एक स्थानीय व्यक्ति ने शव को दोबारा नदी की धारा में बहा दिया। इस घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में रोष है। उनका कहना है कि यदि पुलिस समय पर पहुंचती, तो शव की पहचान और प्रारंभिक जांच की प्रक्रिया आसानी से शुरू की जा सकती थी।

इधर, पिछले चार दिनों से लापता मोनियारखाल चाय बागान क्षेत्र के निवासी प्रजा राजभर के परिजन भी शव की पहचान के लिए घटनास्थल पर पहुंचे थे। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही शव को नदी में बहा दिया गया।

समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। घटना को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच पर अब स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हैं।

Leave a Comment