सृजन क्लब सेमीफाइनल में, कालीबाड़ी स्पोर्टिंग को 7 विकेट से हराया
शनबिल, 6 मार्च (गौतम सरकार): अभिजीत सरकार एवं प्रद्युत नाथ सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में सृजन क्लब ने कालीबाड़ी स्पोर्टिंग को 7 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। यह मुकाबला टूर्नामेंट का अब तक का सबसे कम स्कोर वाला मैच साबित हुआ।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कालीबाड़ी स्पोर्टिंग की टीम सृजन क्लब के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 11.3 ओवर में मात्र 43 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए विनय ने 14 और नासिरुद्दीन ने 8 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज कोई खास योगदान नहीं दे सके। टीम के खाते में 8 अतिरिक्त रन भी जुड़े।
सृजन क्लब की ओर से विजय देव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए। इसके अलावा इमरान ने 3 और प्रकाश सिन्हा ने 2 विकेट लिए।
44 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी सृजन क्लब की टीम ने 5.3 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से लिटन बनिक ने 16 और अनुपम चौधरी ने 10 रन बनाए, जबकि 5 रन अतिरिक्त के रूप में मिले। कालीबाड़ी स्पोर्टिंग की ओर से देवज्योति ने 1 और आनंद कमल ने 2 विकेट लिए।
मैच में अंपायर की जिम्मेदारी तुषार राय और सुजीत विश्वास ने निभाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विजय देव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें ट्रॉफी सौंपकर सम्मानित किया गया।
लीग के अगले मुकाबले में शनिवार को टेबल टेनिस क्लब का सामना आजाद हिंद क्लब से होगा।