सृजन क्लब बना चैंपियन, फाइनल में आजाद हिंद क्लब को 119 रन से हराया
शनबिल, 22 मार्च (गौतम सरकार): अभिजीत सरकार एवं प्रद्युत नाथ सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में सृजन क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में सृजन क्लब ने आजाद हिंद क्लब को 119 रनों के बड़े अंतर से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सृजन क्लब ने 25 ओवर में 10 विकेट खोकर 199 रन बनाए। टीम की ओर से अरिजीत दत्त ने 22 गेंदों में ताबड़तोड़ 46 रन, सुजीत विश्वास ने 20 गेंदों में 28 रन और लिटन बनिक ने 32 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया। अतिरिक्त के रूप में टीम को 18 रन मिले। विपक्षी टीम की ओर से राजन गोस्वामी ने 4 विकेट और राजन नाथ ने 3 विकेट हासिल किए।
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजाद हिंद क्लब की टीम 14.1 ओवर में मात्र 80 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम को अतिरिक्त से 13 रन प्राप्त हुए। बल्लेबाजी में संजीत सिन्हा ने 14, विशाल चक्रवर्ती ने 17 और विश्वरूप सेन ने 11 रन बनाए। सृजन क्लब की ओर से प्रकाश सिन्हा और इमरान अहमद ने 3-3 विकेट लिए, जबकि सत्यजीत सिन्हा और विजय देव ने 2-2 विकेट झटके।
पुरस्कार वितरण समारोह में रामकृष्ण नगर जिला क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष मृगांक दत्त चौधरी, सचिव विश्वतोष सेन, क्रिकेट सचिव अरिजीत डे और सदस्य प्रीतम पाल ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 5000 रुपये की नकद राशि प्रदान की। उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं 3000 रुपये की राशि क्रिकेट ब्रांच के अध्यक्ष संदीप दत्त एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दी गई।
फाइनल मुकाबले के ‘मैन ऑफ द मैच’ इमरान अहमद चुने गए। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार अरिजीत दत्त और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार राजन गोस्वामी को दिया गया।
मैच के दौरान आरएनडी ब्रांच के अध्यक्ष अम्लान डे, एजीएस साहेब विश्वास, देवजीत मालाकार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मैच में अंपायर की भूमिका तुषार राय और देवर्षि सेनगुप्ता ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी पराग भट्टाचार्य और अंकित देव के पास थी।