शिलचर, 30 सितंबर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के ग्रुप केंद्र, शिलचर स्थित मनोरंजन क्लब में हिंदी पखवाड़ा-2026 के समापन अवसर पर स्टेशन स्तरीय हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीआरपीएफ के विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया।
हिंदी पखवाड़े के दौरान शिलचर स्थित सीआरपीएफ के विभिन्न कार्यालयों में हिंदी टिप्पणी-आलेखन, हिंदी व्यवहार, हिंदी टंकण प्रतियोगिता तथा हिंदी कार्यशाला सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा सक्रिय सहभागिता निभाने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान सीआरपीएफ महानिदेशक द्वारा प्रेषित राजभाषा संदेश का वाचन किया गया। संदेश में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रशासनिक तथा कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक हिंदी का प्रयोग करने और राजभाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि उदय प्रताप सिंह, उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र शिलचर ने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी प्रयोग प्रशासनिक कार्यों को सरल, सुगम और अधिक जनोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सरकारी कार्यों में हिंदी के प्रयोग को निरंतर बढ़ाने का आग्रह किया।
समारोह में सीआईएटी स्कूल, रेंज मुख्यालय शिलचर, ग्रुप केंद्र शिलचर, संयुक्त अस्पताल शिलचर तथा 147वीं बटालियन के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का समापन राजभाषा हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग को और सुदृढ़ करने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।