सनी राय शिलचर, 30 सितंबर। असम के राज्यपाल की राष्ट्रीय सुरक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों में भूकंप सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन उपायों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को सरकारी आदर्श महाविद्यालय, बड़खोला में भूकंप सुरक्षा अभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन 62वीं असम गर्ल्स बटालियन NCC, शिलचर ग्रुप, महाविद्यालय के आपदा प्रबंधन सेल, NCC और IQAC के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में NDRF के इंस्पेक्टर अजय कुमार यादव तथा कछार जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), शिलचर के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. साहब उद्दीन अहमद तथा IQAC के समन्वयक डॉ. मोफिदुर रहमान ने अपने संबोधन में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूर्व तैयारी, सुरक्षा जागरूकता और सामूहिक प्रयास के महत्व पर जोर दिया। आपदा प्रबंधन सेल की संयोजक डॉ. उषा कुमारी शाह ने अतिथियों एवं विशेषज्ञों का स्वागत किया।
NDRF इंस्पेक्टर अजय कुमार यादव ने भूकंप के दौरान और उसके बाद बरती जाने वाली सावधानियों तथा सुरक्षित बचाव के तरीकों की जानकारी दी। इसके बाद खुले सभागार में NDRF टीम ने प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव रोकने, ट्रॉमा मैनेजमेंट, CPR तथा अग्निशामक यंत्र के सही इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों और NCC कैडेट्स ने प्रदर्शन में सक्रिय भागीदारी करते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव तकनीकों की जानकारी हासिल की। 62वीं असम गर्ल्स BN NCC, शिलचर की ओर से NDRF टीम को उनके सहयोग और मार्गदर्शन के लिए स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्रोफेसर एवं NCC की CTO रोजमेरी एल. मार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, NDRF टीम, DDMA अधिकारियों, शिक्षकों, NCC कैडेट्स और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।