सांसद कणाद पुरकायस्थ से मिला TUOW प्रतिनिधिमंडल, ओएनजीसी शिलचर के मुद्दे उठाए

सांसद कणाद पुरकायस्थ से मिला TUOW प्रतिनिधिमंडल, ओएनजीसी शिलचर के मुद्दे उठाए

दक्षिण असम स्थित Oil and Natural Gas Corporation (ओएनजीसी) के कार्यकेंद्र असम-अराकान बेसिन के कर्मचारियों के संगठन ट्रेड यूनियन ऑफ ओएनजीसी वर्कर्स (TUOW) के एक प्रतिनिधिमंडल ने असम से राज्यसभा सांसद Kanad Purkayastha से शिलचर स्थित उनके आवास पर भेंट कर विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से संगठन के महासचिव हीरेश चक्रवर्ती ने सांसद को स्मृति चिन्ह भेंट किया, जबकि संगठन सचिव राजन कुँवर ने उन्हें उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान अजित शुक्लबैद्य सहित अन्य सदस्यों ने राज्यसभा के शीतकालीन सत्र में ओएनजीसी शिलचर से जुड़े विभिन्न विषयों को उठाने के लिए सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में विशेष रूप से पूर्व भारती गैस प्राइवेट लिमिटेड (PBGPL) द्वारा बराक घाटी में ओएनजीसी के उत्पादित प्राकृतिक गैस के समुचित उपयोग एवं वितरण नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शिलचर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अब तक PNG और CNG सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि समझौते के अनुसार PBGPL को पूरे दक्षिण असम में PNG एवं CNG का वितरण सुनिश्चित करना था।

संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी ओएनजीसी शिलचर से प्राकृतिक गैस की खरीद नहीं कर रही है, जिसके कारण ओएनजीसी को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है और उत्पादित गैस का समुचित विपणन नहीं हो पा रहा है।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण असम में प्राकृतिक गैस आधारित विद्युत उत्पादन केंद्र स्थापित करने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र में ऊर्जा आपूर्ति को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

अंत में TUOW की ओर से सांसद को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल में शुभम पाल, फैसल लस्कर, आयन विश्वास, ताहेर अहमद, मान्ना सिन्हा, शाह आलम लस्कर, चीरंजीत बैद्य, सुमन पाल, हानिफ आलम लस्कर, अलोक शुक्लबैद्य, अब्दुस राजबरभूईया एवं अभिजीत दत्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment