मंदिर चोरी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता
दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी गए मूल्यवान सामान बरामद
प्रतिनिधि हाइलाकांदी, १५ मई :
मोहनपुर पार्ट-४ क्षेत्र के उत्तर मोहनपुर सार्वजनिक कालीबाड़ी मंदिर में हुई सनसनीखेज चोरी की घटना में अल्गापुर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित जांच और विशेष अभियान के चलते दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ चोरी गए अधिकांश सामान भी बरामद कर लिए गए हैं। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में व्याप्त चिंता के बीच पुलिस की इस सफलता से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार ८ मई २०२६ की रात उत्तर मोहनपुर सार्वजनिक कालीबाड़ी मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी। चोर मंदिर में प्रवेश कर पूजा-पाठ में प्रयुक्त कई मूल्यवान पीतल के सामान, विद्युत उपकरण तथा अन्य सामग्री चोरी कर ले गए थे। घटना सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन समिति और स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया था।मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव द्वारा अल्गापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामला संख्या २६/२०२६ दर्ज किया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता २०२३ की धारा ३०५(डी)/३३१(२) के अंतर्गत पंजीकृत किया गया। मामला दर्ज होने के तुरंत बाद डीएसपी (सदर) विद्युत कुमार शइकिया के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आतीकुर रहमान लस्कर (१६), पिता अब्दुल गफूर लस्कर, निवासी शिवउत्तर, हाइलाकांदी तथा अनवर हुसैन मजूमदार (२२), पिता इस्लाम उद्दीन मजूमदार, निवासी उजानकुपा, हाइलाकांदी के रूप में हुई है।पुलिस द्वारा बरामद सामानों में पीतल की धातु की प्लेटें, दीपक स्टैंड, पीतल के बर्तन, दो सीलिंग फैन तथा विभिन्न विद्युत उपकरण शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि बरामद सामग्री का मिलान मंदिर से चोरी हुए सामानों से किया गया है और अधिकांश वस्तुओं की पहचान हो चुकी है।
आज आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) एस. डी. बरुआ ने बताया कि घटना सामने आने के बाद से ही पुलिस ने गंभीरता के साथ जांच शुरू कर दी थी। गुप्त सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया जिसके परिणामस्वरूप आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गए अधिकांश सामान की बरामदगी संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है तथा इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।इधर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय निवासियों और मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने सराहना की है। उनका कहना है कि हाल के समय में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ने से आम लोग भयभीत थे। ऐसे में पुलिस की तत्परता से आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी से लोगों का विश्वास एक बार फिर बहाल हुआ है।