गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 29 जून।
उत्तर करीमगंज विधानसभा क्षेत्र के भांगा स्थित सरपुर गांव की निवासी तथा दिवंगत समाजसेवी गाजी तुफैल अहमद की माता मरियम बीबी का निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं। शनिवार शाम लगभग 5 बजे श्रीभूमि जिले के एक निजी नर्सिंग होम में उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिजनों के अनुसार, मरियम बीबी लंबे समय से वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं। पिछले कुछ दिनों से उन्हें सांस लेने में भी गंभीर तकलीफ हो रही थी। उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अपने पीछे वह एक पुत्र गाजी फुजैल अहमद, चार पुत्रियां, नाती-नातिनों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।
मरियम बीबी के निधन पर उत्तर करीमगंज के विधायक जकारिया अहमद पन्ना, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय क्लबों के प्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
रविवार दोपहर 2 बजे सरपुर गांव में मरियम बीबी की नमाज-ए-जनाजा अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने उपस्थित होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।