सड़क किनारे खड़ी बुलेट और स्विफ्ट डिजायर में लगी आग, भारी नुकसान

शिलचर, 23 अगस्त: शिलचर-सोनाई रोड स्थित आऊलिया बाजार में रविवार दोपहर खड़ी एक बुलेट मोटरसाइकिल और स्विफ्ट डिजायर कार में अचानक आग लगने से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना दोपहर करीब 1 बजे आईएस डिजिटल के सामने हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले सड़क किनारे खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय दोनों वाहनों के चालक मौके पर मौजूद नहीं थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन चालक पास स्थित एक परीक्षा केंद्र में परीक्षा देने गए थे।

आग की लपटें देखकर स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग की तीव्रता के कारण दोनों वाहन काफी हद तक जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस थाने ले जाया गया।

आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment