ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश की स्टार वुशु खिलाड़ी न्येमान वांगसू ने वर्ष २०२६ के एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में स्थान हासिल कर राज्य और देश का गौरव बढ़ाया है। एशियाई खेलों का आयोजन जापान के आइची-नागोया में १९ सितंबर से ४ अक्टूबर तक किया जाएगा।
वांगसू के भारतीय दल में चयन को अरुणाचल प्रदेश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके चयन से राज्य के युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह बढ़ा है।
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने न्येमान वांगसू को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन राज्य और पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वांगसू की सफलता उनके साहस, कड़ी मेहनत, समर्पण और वर्षों के प्रशिक्षण का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने वांगसू को एशियाई खेलों के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह पूरे आत्मविश्वास और मजबूती के साथ देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वांगसू की यह उपलब्धि अरुणाचल प्रदेश में वुशु सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश को वांगसू पर गर्व है और उनकी सफलता से भारत भी गौरवान्वित होगा।