सचिनपुर सीआरपीएफ कैंप में मुफ्त डिजिटल सेवा कक्ष का शुभारंभ

सचिनपुर सीआरपीएफ कैंप में मुफ्त डिजिटल सेवा कक्ष का शुभारंभ

धोलाई, 11 फरवरी 2026:
सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत 147वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा सचिनपुर कैंप परिसर में मुफ्त डिजिटल सेवा कक्ष का शुभारंभ किया गया। इस सेवा कक्ष का उद्घाटन कमांडेंट श्री ब्रूनो ए० ने किया।

डिजिटल सेवा कक्ष में जियो एयर फाइबर इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ दो कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य निकटवर्ती ग्राम पंचायत कृष्णपुर गंगानगर, दर्मीखाल और मनियारखाल के निवासियों एवं विद्यार्थियों को निःशुल्क डिजिटल सुविधा प्रदान करना है। इससे विशेष रूप से वंचित और जरूरतमंद वर्ग को इंटरनेट एवं ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

कार्यक्रम के अवसर पर सहायक कमांडेंट श्री कुंदन कुमार, सहायक कमांडेंट श्री परविंदर सिंह, निरीक्षक कृपा शंकर मीणा, निरीक्षक एम.यू. लश्कर सहित 147वीं बटालियन के अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

कमांडेंट श्री ब्रूनो ए० ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों को पढ़ाई एवं ऑनलाइन सेवाओं से जोड़ना है।

ग्राम पंचायत दर्मीखाल की सरपंच श्रीमती ब्यूटी राय, मनियारखाल की सरपंच श्रीमती सुनीता भुइयों तथा कृष्णपुर गंगानगर की सरपंच श्रीमती रीना रानी दास ने सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

डिजिटल सेवा कक्ष शुरू होते ही आसपास के गांवों के विद्यार्थी एवं ग्रामीण इसका लाभ उठाने लगे हैं, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

Leave a Comment