शिलचर में ई-ऑटो जाम से निपटने के लिए नई को-ऑर्डिनेशन कमेटी का गठन

शिलचर में ई-ऑटो जाम से निपटने के लिए नई को-ऑर्डिनेशन कमेटी का गठन

शिलचर: शहर में ई-ऑटो की बढ़ती संख्या से उत्पन्न यातायात जाम और अव्यवस्था को नियंत्रित करने के उद्देश्य से तीन प्रमुख संगठनों के संयुक्त प्रयास से ‘शिलचर टाउन इलेक्ट्रिक ऑटो को-ऑर्डिनेशन कमेटी’ का गठन किया गया है। बुधवार दोपहर सर्वसम्मति से विकास भट्टाचार्य को कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

यह निर्णय ऑल कछार इलेक्ट्रिक ऑटो ओनर्स एंड ड्राइवर्स एसोसिएशन, ऑल कमर्शियल ई-ऑटो एसोसिएशन तथा शिलचर टाउन इलेक्ट्रिक ऑटो ओनर्स एंड ड्राइवर्स एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में लिया गया।

कमेटी में ताहिर अहमद मजूमदार और सितु राय को सह-अध्यक्ष, पिंटू चंद्र शील को सचिव तथा तैबुर रहमान मजूमदार, हरिलाल दास और जयनुल हक लस्कर को सह-सचिव बनाया गया है। गोपाल बनिक और कृष्ण दास को कार्यकारी सचिव, जबकि सुबल चंद्र दास और राजू दास को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यकारिणी सदस्य के रूप में निजाम उद्दीन मजूमदार, चंदू दास, अब्दुल करीम बड़भुइंया, हिरण दास, चंदन राय, विजय शुक्लवैद्य, आलोक चौधरी, विश्वजीत दास, समीरन धर, गौतम पाल और चंदन भट्टाचार्य सहित अन्य को शामिल किया गया है।

नव-नियुक्त अध्यक्ष विकास भट्टाचार्य ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से कछार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ई-ऑटो शिलचर शहर में संचालित हो रहे हैं, जिससे यातायात जाम और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो रही है। सरकारी दिशा-निर्देशों के अभाव में समस्या और गंभीर हो गई है। बीते 15 दिनों से तीनों संगठनों के बीच विचार-विमर्श के बाद इस समन्वय समिति का गठन किया गया।

कमेटी का मुख्य उद्देश्य शिलचर को जाममुक्त बनाना तथा ई-ऑटो संचालन के लिए स्पष्ट सरकारी गाइडलाइन सुनिश्चित करना है। इस संबंध में शीघ्र ही जिला प्रशासन और राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

पत्रकारों द्वारा प्रस्तावित 12 घंटे के बंद को लेकर पूछे गए प्रश्न पर कमेटी सदस्यों ने कहा कि बंद के आह्वानकर्ताओं से संपर्क नहीं हो पाने के कारण वे बंद में शामिल नहीं होंगे, हालांकि बंद की नैतिक मांगों का समर्थन करेंगे।

Leave a Comment