श्री उत्सव 2026 में उमड़ी खरीददारों की भीड़, महिला उद्यमिता को मिला सशक्त मंच

शिलचर, 21 जून। तेरापंथ महिला मंडल, शिलचर द्वारा अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल (ABTMM) के मार्गदर्शन में रविवार को जैन भवन में आयोजित “श्री उत्सव 2026” ग्रैंड एग्जीबिशन कम सेल ने शहरवासियों का भरपूर आकर्षण प्राप्त किया। सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक चले इस एकदिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर खरीदारी की तथा महिला उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।

मेले में प्रीमियम एथनिक वियर, फैशन ज्वेलरी, बैग्स एवं एक्सेसरीज़, होम डेकोर उत्पाद, बेडशीट एवं दोहर, ड्राई फ्रूट्स, अचार तथा अन्य घरेलू उत्पादों के अलावा रिटर्न गिफ्ट्स, खिलौने, केक-पेस्ट्री, मिठाइयों और विभिन्न खाद्य पदार्थों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। विशेष रूप से महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित एवं घरेलू उत्पादों को आगंतुकों ने काफी पसंद किया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के साथ-साथ उनके उत्पादों को व्यापक बाजार एवं पहचान उपलब्ध कराना था। मेले में परिवारों, युवाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे जैन भवन पूरे दिन उत्सवमय वातावरण से सराबोर रहा।

तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष रेखा चोरड़िया एवं सचिव रेखा सेठिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के सफल संचालन में संयोजिका कुसुम मालू सह-संयोजिका अल्का बैद तथा श्रीमती बबीता डागा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंडल की ओर से कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी स्टॉल धारकों, आगंतुकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

आयोजकों ने कहा कि “श्री उत्सव” केवल एक प्रदर्शनी या बिक्री मेला नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सहभागिता और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने का एक प्रभावी मंच है। शहरवासियों के उत्साहजनक समर्थन ने आयोजन की सफलता को नई ऊंचाई प्रदान की है।

Leave a Comment